भागलपुर । पश्चिमी विक्षोभ का असर कम मौसम में बदलाव आने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ से रविवार व सोमवार को बारिश से मौसम ठंडा हो गया।
दिन के अधिकतम तापमान में नौ डिग्री की कमी व रात के तापमान में चार डिग्री की कमी से रात भी ठंड हो गई। लेकिन बीते 24 घंटे से पूरवा हवाओं के चलने से बुधवार को भागलपुर का तापमान बढ़ गया।
बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज से तापमान में होगी वृद्धि, दिन का मौसम होगा सामान्य
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार को मौसमी कारकों के प्रभाव से गुरुवार तक उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है तो वहीं बाकी बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा।
गुरुवार को भागलपुर में आंशिक बदरी के बीच दिन-रात का पारा चढ़ेगा तो वहीं शुक्रवार को सूरज चमकेगा और दिन व रात में गर्मी का एहसास होगा। इस दौरान 10 से 14 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ हवाओं के बहने का अनुमान है।