अलीगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। बहन की शादी में नृत्य कार्यक्रम के लिए बुलाई गई डांसर पर दुल्हन का भाई दिल हार बैठा और कुछ ही दिनों में दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। परिवार ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, युवक बिलाल की शादी 3 दिसंबर को हुई थी। इसके दो दिन बाद 5 दिसंबर को उसकी बहन का विवाह समारोह आयोजित था, जिसमें सोनी नाम की डांसर को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था। देर रात तक चले कार्यक्रम के बाद बिलाल उसे घर छोड़ने गया। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मोबाइल नंबर साझा किए गए।
बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे और नजदीकियां बढ़ती गईं। आरोप है कि बिलाल ने अपनी नई-नवेली पत्नी से दूरी बना ली। कुछ दिनों बाद वह डांसर के साथ घर से चला गया। परिजनों ने जब उसकी तलाश की और कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस को जयपुर के एक होटल का CCTV फुटेज मिला है, जिसमें बिलाल एक युवती के साथ दिखाई दे रहा है। परिजन दावा कर रहे हैं कि वह युवती सोनी है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
परिवार ने युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
