मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना की बंदरा पंचायत के एक गांव में एक युवक को दूसरी शादी करनी महंगी पड़ी। पोल खुलते ही दुल्हन पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे। दूल्हा और उसके पिता सहित सात बारातियों को बंधक बना लिया। वहीं, दुल्हन के माता-पिता की तबीयत बिगड़ गई। उनका घर पर ही इलाज चल रहा है। आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि इसपर रविवार को फैसला होगा। दूल्हे के अन्य परिजनों को भी बुलाया गया है।

शुक्रवार रात दरभंगा के मोरो थाना के पटोरी निवासी पलटू राम का 26 वर्षीय पुत्र मनोज राम बारात लेकर बंदरा पंचायत के एक गांव पहुंचा था। धूमधाम से रीति-रिवाज के साथ शादी भी हुई। बैंड-बाजे के साथ आए बारातियों ने जमकर दावत उड़ाई। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई हुई। इसके आधा घंटा के बाद कार सवार कई लोग दुल्हन के दरवाजे पर आ धमके। इस दौरान गोद में बच्ची को ली हुई एक महिला जोर-जोर से रोकर कहने लगी कि जिस मनोज राम की शादी हुई है, वह उसका पति है और बच्ची का पिता है। यह सुनकर दुल्हन के परिजन और नाते-रिश्तेदार सन्न रह गए। तुरंत पीछा कर रास्ते से दूल्हे की गाड़ी को पकड़ा गया। गाड़ी में सवार दूल्हा, उसके पिता, बहनोई, ममेरे भाई और तीन बच्चे समेत सात बारातियों को बंधक बना लिया गया।

मनोज राम को अपना पति बताने वाली महिला बेनीबाद ओपी क्षेत्र की रहनेवाली है। उसने बताया कि करीब दो साल पहले शादी हुई थी। सालभर बाद एक पुत्री ने जन्म लिया। इसके बाद से मनोज राम बाइक की डिमांड करने लगा। इनकार पर मारपीट करने लगा तबसे वह मायके में रह रही थी, लेकिन वह बराबर वहां आता-जाता रहता था। मनोज के एक परिजन से ही सूचना मिली कि वह दूसरा शादी कर रहा है। तब वह यहां पहुंची। वहीं, बंधक बने दूल्हे ने बताया कि उसकी पहली पत्नी ससुराल आना नहीं चाह रही थी। तब दूसरी शादी की। हालांकि, पूरे मामले में बंदरा पंचायत के मुखिया, सरपंच और पियर थानाध्यक्ष कुछ भी बताने से परहेज करते रहे। थानाध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि इस तरह की घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *