भागलपुर में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जननायक कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय, समानता और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए किए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान जननायक के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यकारी जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता की उपस्थिति में किया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अति पिछड़ा प्रकोष्ठ संजीव कुमार ने की। कार्यक्रम में विधायक दुलालचंद गोस्वामी, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह, अध्यक्ष बिहार राज्य खाद्य आयोग प्रहलाद सरकार तथा भागलपुर के सांसद अजय मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सभी अतिथियों ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सामाजिक न्याय के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वक्ताओं ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था को मजबूती देने और शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की सादगी, ईमानदारी और जनसेवा आज के समय में भी प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक समरसता और समानता आधारित समाज की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जननायक के विचारों को आत्मसात करने और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
