कर्नाटक में एक युवक की पहले पिटाई की गई फिर उसे नग्न अवस्था में सड़क पर घुमाया गया। युवक पर लड़की के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था। यह मामला राज्य के हसन जिले का है। पुलिस के मुताबिक जिस युवक की पिटाई की गई है उसकी पहचान मेघराज के तौर पर हुई है। मेघराज विजयपुरा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। हसन शहर में वो कंस्ट्रक्शन के काम से जुड़ा हुआ था।

बताया जा रहा है कि मेघराज एक पार्क में मौजूद था। तब ही स्थानीय लोगों की नजर उसपर पड़ी और उसपर आरोप लगाया गया कि वो एक लड़की से छेड़खानी कर रहा था। इसके बाद वहां कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। युवक की बुरी तरह से पिटाई करने के बाद उसके कपड़े उतरवाए गए।

नग्न अवस्था में ही युवक को भीड़भाड़ वाली सड़क पर घुमाया गया। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और उसने हालात को किसी तरह काबू में किया। पुलिस ने मेघराज को तुरंत हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने मेघराज के साथ ऐसा करतूत करने वाले चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस ने कहा कि मेघराज पर युवकों ने आरोप लगाया था। लड़की ने अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मारपीट किये जाने और नग्न हालत में घुमाए जाने के बाद मेघराज ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में धारा 341 (किसी को गलत तरीके से रोकना), 323 (किसी को जानबूझ कर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 506 (आपराधिक धमकी देना) के तहत एफआईआऱ दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *