सुपौल में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित भीमनगर चेकपोस्ट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मध निषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच शिक्षकों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी शिक्षक मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों को नेपाल भ्रमण कराकर लौट रहे थे।

 

जानकारी के अनुसार, मध निषेध विभाग द्वारा भीमनगर चेकपोस्ट पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल से लौट रहे एक समूह को संदेह के आधार पर रोका गया। जांच के दौरान पांच व्यक्तियों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, जिसमें सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार शिक्षकों की पहचान मधेपुरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के सिवंश कुमार उर्फ शक्ति शामन, दीपनारायण राम, इंग्लिश कुमार, मिठू कुमार और खगड़िया जिले के धीरेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। इनमें से तीन शिक्षक कुमारखंड प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिहारी में पदस्थापित बताए जा रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि ये सभी शिक्षक मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए नेपाल के ऐतिहासिक स्थलों पर लेकर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने शराब का सेवन किया और वापस लौटते समय चेकपोस्ट पर पकड़े गए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

 

मध निषेध विभाग के इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाती है। सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

वहीं, सुपौल डीएम सावन कुमार ने कहा कि संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मधेपुरा डीएम अभिषेक रंजन ने भी मामले की जांच के आदेश देते हुए रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *