पटना में विशेष निगरानी इकाई यानी एसवीयू की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक अधिकारी के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान एक चौंकाने वाली घटना भी सामने आई, जब अधिकारी ने टीम को देखते ही अपने घर की खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंकने शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार एसवीयू की टीम ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी बीएमएसआईसीएल में डीजीएम (प्रोजेक्ट) के पद पर कार्यरत पंकज कुमार के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। टीम ने उनके दो घरों और एक कार्यालय में एक साथ कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान जब एसवीयू की टीम पटना के कदमकुंआ स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट में उनके फ्लैट पर पहुंची, तब पंकज कुमार अपने पूरे परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। टीम को देखते ही उन्होंने घबराकर घर की खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंकने शुरू कर दिए। हालांकि सतर्क टीम ने तुरंत आसपास के इलाके की तलाशी ली और कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए।
एसवीयू अधिकारियों के अनुसार अब तक की कार्रवाई में कुल 15 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि छापेमारी अभी जारी है और आशंका जताई जा रही है कि बरामदगी की राशि और बढ़ सकती है।
बताया जा रहा है कि पंकज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के कांटी इलाके के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद एसवीयू ने जांच शुरू की थी। प्राथमिक जांच में कई संदिग्ध लेन-देन और संपत्तियों की जानकारी सामने आने के बाद गुरुवार सुबह करीब 8 बजे से यह कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल एसवीयू की टीम उनके दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
