भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका की पहचान 20 वर्षीय अर्पणा कुमारी के रूप में हुई है। वह पटना में डीएम के निजी ड्राइवर अनिल यादव की बेटी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अर्पणा की शादी 22 नवंबर 2024 को बहादुरपुर निवासी सोनू कुमार से हुई थी।

 

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अर्पणा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष की ओर से सोने की चेन, अंगूठी और चार पहिया वाहन की मांग की जा रही थी। परिजनों का कहना है कि अर्पणा अक्सर अपनी मां को फोन कर ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी।

 

घटना की जानकारी देर रात एक पड़ोसी ने फोन कर दी। सूचना मिलने के बाद पिता ने दामाद को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वह तुरंत पटना से भागलपुर के लिए रवाना हुए और सुबह ससुराल पहुंचे।

 

परिजनों के अनुसार मौके पर पहुंचने पर अर्पणा की लाश बेड पर पड़ी मिली और घर के लोग मौजूद नहीं थे। ससुराल पक्ष का कहना है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन पिता का आरोप है कि गले पर निशान होने से मामला संदिग्ध है।

 

मृतका के पिता ने पति, सास और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *