भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कोल्हा खुर्द गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय भोलू यादव, पिता स्वर्गीय अशोक यादव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, बीती शाम गांव के ही कुछ लोग भोलू यादव को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर कुछ पिलाया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई। परिवार का कहना है कि इस दौरान युवक की हालत बिगड़ती चली गई।
परिजनों ने बताया कि बाद में गंगदेव पापड़ी नामक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि भोलू यादव की हालत बेहद गंभीर है और उसकी सांस नहीं चल रही है। इसके बाद गंगदेव पापड़ी और मनसुख पासवान द्वारा उसे सड़क दुर्घटना का मामला बताकर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद दोनों व्यक्ति वहां से फरार हो गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां युवक का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
