सहरसा: पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सहरसा जिले के आवासीय विद्यालय एवं गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महिला हेल्प डेस्क प्रभारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान छात्राओं की सुरक्षा, निगरानी प्रणाली और आपातकालीन व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। निरीक्षण का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, भयमुक्त और सशक्त वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
निरीक्षण के क्रम में छात्रावास परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यक्षमता और कवरेज एरिया का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही प्रवेश एवं निकास रजिस्टर की जांच कर आगंतुकों के सत्यापन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। पुलिस टीम ने यह सुनिश्चित किया कि बिना सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश न हो।
हॉस्टल परिसर में प्रकाश व्यवस्था एवं आपातकालीन सुविधाओं जैसे अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट और सुरक्षा संकेतकों की भी जांच की गई। छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली गई। महिला हेल्प डेस्क प्रभारी ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना क्षेत्र के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी आवासीय विद्यालयों एवं बालिका छात्रावासों में समय-समय पर औचक निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
सहरसा पुलिस ने कहा है कि बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज में विश्वास और सहयोग के साथ पुलिस हर समय तत्पर है। यह पहल बेटियों को सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#SaharsaPolice #HainTaiyaarHum #KnowYourPolice #JanPolice #BiharPolice
