भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर गांव में सोमवार दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच हुए मदन यादव गोलीकांड में अब नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में नामजद आरोपी पिंटू यादव उर्फ बहरा यादव ने खुद को निर्दोष बताते हुए मदन यादव पर झूठा आरोप लगाने का दावा किया है।

 

पिंटू यादव का कहना है कि जिस समय गोलीबारी की घटना हुई, उस समय वह सरस्वती टेंट हाउस में काम कर रहा था। उसने दावा किया कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी मौजूदगी के साक्ष्य उपलब्ध हैं। पिंटू यादव ने कहा कि घटना के वक्त वह अपने काम में व्यस्त था और उसका गोलीकांड से कोई लेना-देना नहीं है।

 

उसने यह भी कहा कि सजा काटकर बाहर आने के बाद से वह सरस्वती टेंट हाउस में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। उसका आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण उसे जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है।

 

गौरतलब है कि शिवनंदनपुर गांव में मदन यादव को घेरकर गोली मारी गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को नामजद किया था, जिनमें पिंटू उर्फ बहरा यादव का भी नाम शामिल है।

 

अब पिंटू यादव के इस दावे के बाद मामले की जांच और तेज हो सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

 

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दावा कर रही है कि साक्ष्यों के आधार पर ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस नए खुलासे से मामला और पेचीदा हो गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *