भागलपुर में छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बैनर तले छात्रों ने विश्वविद्यालय स्थित पीजी अंबेडकर विचार एवं समाज कार्य विभाग के जर्जर भवन को लेकर आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने भवन की खस्ताहाल स्थिति को बेहद खतरनाक बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

संगठन के जिला अध्यक्ष सत्यम मिश्रा ने कहा कि विभागीय भवन की छत और दीवारों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि छत से लगातार प्लास्टर गिर रहा है, कई जगहों पर लोहे की सरिया बाहर निकल आई है और कुछ हिस्सों में छत पूरी तरह टूट चुकी है। ऐसी स्थिति में छात्रों का कक्षा में बैठना जान जोखिम में डालने जैसा है।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी दो से तीन बार कुलपति और कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न ही विश्वविद्यालय के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।

इस लापरवाही के चलते छात्र-छात्राओं में भय का माहौल है। कई छात्र अपनी जान जोखिम में डालकर कक्षाओं में उपस्थित हो रहे हैं, जबकि कुछ छात्रों ने डर के कारण कक्षाओं में आना ही बंद कर दिया है।

छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन, विशेष रूप से कुलपति और कुलसचिव की होगी।

संगठन के सदस्य हृषिकेश प्रकाश ने कहा कि यदि जल्द से जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।

छात्रों ने अपनी मांगों में जर्जर भवन का तत्काल निरीक्षण, शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने, वैकल्पिक सुरक्षित कक्षाओं की व्यवस्था करने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।

इस विरोध प्रदर्शन में छात्र नेता गिरीश झा, शुभम कुमार, रमन राठौड़, नवल कुमार, प्रिंस कुमार, सुमित कुमार, बिट्टू और गौरव सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *