apnabiharjharkhand

ट्यूशन जाने निकले थे छात्र, दामोदर नदी बनी मौत का जाल; एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी


बोकारो के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाघाट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले दो छात्रों की दामोदर नदी में डूबने से मौत की आशंका के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हादसे में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र की तलाश देर शाम तक जारी रही। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और नदी किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


जानकारी के मुताबिक एलएच आजाद नगर निवासी तीन छात्र — सनी, विष्णु और शनि — मंगलवार सुबह एक स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों छात्र Mid Point Public School में पढ़ाई करते हैं। घर से वे ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन किसी को इस बात का अंदेशा नहीं था कि यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों छात्र दामोदर नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक विष्णु और शनि गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को बचाने के लिए आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में उतरे। काफी मशक्कत के बाद विष्णु का शव नदी से बाहर निकाला गया, जबकि शनि का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन की देखरेख में राहत एवं खोज अभियान शुरू किया गया। नदी किनारे पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

संवाददाता : चंदन सिंह, बोकारो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *