उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, भवानीपुर में वार्षिक परीक्षा के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिला के कोशकीपुर निवासी शिवम कुमार परीक्षा देने विद्यालय पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र की गतिविधियां शुरू से ही संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।


बताया जाता है कि जब उसे प्रार्थना में शामिल होने के लिए कहा गया, तो वह अचानक आक्रोशित हो गया और शिक्षकों के साथ गाली-गलौज करने लगा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब विवाद बढ़ने पर वह अपनी बाइक से विद्यालय परिसर से निकलने लगा। इसी दौरान उसने कमर से कट्टा निकालकर शिक्षकों की ओर लहराया और जान से मारने की धमकी दी।


हथियार देखकर मौके पर मौजूद शिक्षक एवं छात्र भयभीत हो गए। घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और परीक्षा कुछ समय के लिए बाधित हो गई। आरोपित छात्र मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


विद्यालय प्रबंधन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, अभिभावकों में भी इस घटना को लेकर चिंता व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *