बिहार में अपराध के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच शनिवार को स्पेशल टास्क फोर्स यानी Bihar STF ने बड़ी सफलता हासिल की है। दरभंगा के चर्चित प्रेम ज्वेलर्स लूटकांड से जुड़े अपराधियों के खिलाफ बेगूसराय में की गई कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

दरअसल, Darbhanga के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार को दिनदहाड़े करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और गहनों की लूट हुई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। लूट के बाद सभी आरोपी फरार होकर Begusarai के विभिन्न इलाकों में छिप गए थे।

 

इसी बीच STF को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पटना से विशेष टीम मौके पर पहुंची और मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायण चौक इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

 

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। यह मुठभेड़ कई घंटों तक जारी रही। बताया जा रहा है कि बदमाश कभी घरों में तो कभी खेतों में छिपकर फायरिंग कर रहे थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

 

मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को गोली लगी, जबकि चार संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष भी मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।

 

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी भी दशरथपुर और आसपास के क्षेत्रों में छिपे हो सकते हैं। उन्हें पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

 

इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे लूटकांड के खुलासे की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *