बिहार के बेगूसराय जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ जारी है। यह एनकाउंटर मंसूरचक इलाके में, समस्तीपुर और बेगूसराय की सीमा पर स्थित नारायण चौक के पास हो रहा है। जानकारी के अनुसार, कुछ अपराधी इलाके के एक होटल में ठहरे हुए थे, जिसकी भनक पुलिस और STF को लग गई।
सूचना मिलते ही STF और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम में सदर डीएसपी के नेतृत्व में बछवारा, मंसूरचक और तियाय थाने की पुलिस शामिल थी। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
इस मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को गोली लगने की खबर है, हालांकि वह अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने अब तक चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य बदमाश आसपास के घरों या झाड़ियों में छिपे हुए हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अपराधी को भागने का मौका न मिल सके।
घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम को हाल ही में हुई बड़ी लूटकांड से जोड़कर भी देखा जा रहा है, जहां शुक्रवार को करीब दो करोड़ रुपये की लूट हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि मुठभेड़ में शामिल अपराधियों का उस वारदात से संबंध हो सकता है।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस लगातार इलाके में नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई जारी है।
