Ssp प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में बभागलपुर पुलिस कार्यालय में मासिक क्राइम मीटिंग सह पुलिस सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसएसपी ने जिले के संवेदनशील इलाकों में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
इसके साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मामलों का गुणवत्तापूर्ण और तेजी से अनुसंधान करें, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
बैठक में फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। अधिकारियों को वारंट और कुर्की के मामलों का तेजी से निष्पादन करने तथा लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने और ऐसे मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने कहा कि डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को तकनीकी रूप से भी सजग रहना होगा।
क्राइम मीटिंग के बाद आयोजित पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों, संसाधनों की उपलब्धता, ड्यूटी प्रबंधन, स्वास्थ्य कल्याण और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा दी गई शिकायतों, सुझावों और समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
एसएसपी ने पुलिस बल का मनोबल मजबूत रखने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक और जिले के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
