भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार ने पीरपैंती थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखा। एसएसपी के अचानक थाना पहुंचने से थाना परिसर में अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की।

 

एसएसपी प्रमोद कुमार ने सबसे पहले थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया और इसे और बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, ड्यूटी रजिस्टर, प्राथमिकी रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने लंबित कांडों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी मामलों का शीघ्र और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का भी आदेश दिया गया।

 

निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने नियमित गश्ती बढ़ाने पर विशेष जोर दिया और कहा कि इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

 

एसएसपी प्रमोद कुमार ने शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन पर भी जोर देते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर किसी भी कीमत पर रोक लगाई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को लगातार सतर्क और सक्रिय रहना होगा।

 

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यह भी जानकारी दी कि बाखरपुर थाना के लिए नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर विभाग को सौंप दी गई है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने पीरपैंती में निर्माणाधीन पावर प्लांट परिसर में प्रस्तावित टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) थाना के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

 

इस मौके पर पीरपैंती थाना प्रभारी नीरज कुमार, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, पावर प्लांट के कर्मी सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। एसएसपी के इस औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता व अनुशासन की उम्मीद जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *