टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को पाकिस्तान के खिलाफ केवल 5 रन से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इस हार के बावजूद कप्तान दासुन शनाका ने इतिहास रच दिया और टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के तौर पर सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए।

 

सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे शनाका ने 31 गेंदों में 8 छक्के और 2 चौकों की मदद से नाबाद 76 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ उन्होंने कप्तान के रूप में टी20 वर्ल्ड कप में कुल 21 छक्के पूरे कर लिए और भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 19 छक्के लगाए थे। वहीं, क्रिस गेल और जोस बटलर 17-17 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। महेंद्र सिंह धोनी 16 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं। शनाका के आठ छक्के किसी श्रीलंकाई बल्लेबाज की टी20 पारी में सर्वाधिक छक्के भी हैं।

 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज फखर जमान और साहिबजादा फरहान ने शानदार साझेदारी करते हुए पहले विकेट के लिए 176 रन जोड़े। फखर जमान ने 42 गेंदों में 84 रन बनाए, जबकि साहिबजादा फरहान ने 100 रन की पारी खेली। हालांकि सलामी जोड़ी के बाद पाकिस्तान का मध्यक्रम ढह गया। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान शनाका ने 2 और दुष्मंथा चमीरा ने 1 विकेट चटकाया।

 

श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन बनाए। पवन रत्नायके ने 37 गेंदों में 58 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, वहीं कप्तान दासुन शनाका ने नाबाद 76 रन बनाकर टीम को आखिरी तक मुकाबले में बनाए रखा। पाकिस्तान की तरफ से अबरार अहमद ने 3 विकेट लिए, जबकि शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

 

इस रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका भले ही 5 रन से हार गया, लेकिन कप्तान शनाका के रिकॉर्ड और टीम के जोश ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *