सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरूआहा सुखासन वार्ड नंबर 3 में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रामपुर निवासी मजदूर रामबिलास शाह की एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह के समय मजदूर अपने-अपने काम पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने रामबिलास शाह को जोरदार टक्कर मार दी।

 

हादसे के बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका और रामबिलास शाह को सड़क पर घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा। यह भयावह मंजर देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत शोर मचाते हुए ट्रक को रुकवाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों की सतर्कता से आखिरकार ट्रक को रोका गया।

 

प्रत्यक्षदर्शी अमित यादव ने बताया कि जैसे ही ट्रक रुका, उसमें सवार तीन लोग कूदकर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि चालक और खलासी भागने में सफल रहे। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान उमेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में बताया कि वह ट्रक के पिछले हिस्से में सो रहा था और हादसे की जानकारी उसे बाद में हुई।

 

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। ट्रक में गिट्टी लदी हुई बताई जा रही है। पुलिस फरार चालक और खलासी की तलाश में जुट गई है।

 

इस घटना ने एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बावजूद भी वाहन चालकों की लापरवाही कम नहीं हो रही, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *