बिहार के गया से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच के पहिए से अचानक आग की चिंगारी और धुआं निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस रविवार को गया जंक्शन से खुलने के बाद बंधुआ स्टेशन के समीप पहुंची ही थी कि अचानक एक कोच के पहिए से चिंगारी और धुआं निकलने लगा। यह नजारा देखते ही ट्रेन में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को बंधुआ स्टेशन पर रोक दिया। ट्रेन रुकते ही कई यात्री नीचे उतर गए। वहीं, मौके पर मौजूद रेलवे स्टाफ और आरपीएफ के जवान तुरंत हरकत में आए और ट्रेन में लगे अग्निशमन यंत्र की मदद से पहिए पर पानी और केमिकल का छिड़काव किया गया, जिससे स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना ब्रेक बाइंडिंग के कारण हुई। ब्रेक बाइंडिंग में ब्रेक सिस्टम के रबर युक्त हिस्सों के लगातार घर्षण से पहिए में अत्यधिक गर्मी पैदा हो जाती है, जिसके चलते धुआं या चिंगारी निकलने जैसी स्थिति बन जाती है। हालांकि यह तकनीकी समस्या मौके पर ही ठीक कर ली गई।

करीब आधे घंटे तक ट्रेन बंधुआ स्टेशन पर खड़ी रही, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने पर उसे फिर से रांची के लिए रवाना कर दिया गया।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है। समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *