सहरसा में अपराध नियंत्रण और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने शुक्रवार को सदर थाना परिसर में सभी वार्ड पार्षदों एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों की पहचान करना रहा।

 

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने वार्ड पार्षदों से उनके-अपने वार्ड में मौजूद हॉटस्पॉट की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पिकेट का निर्माण किया जाएगा, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इसके लिए उपयुक्त स्थानों को चिन्हित करने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

 

एसपी हिमांशु ने यह भी जानकारी दी कि शहर के दो वार्डों को मिलाकर एक सेक्टर बनाया गया है और प्रत्येक सेक्टर के लिए एक सेक्टर पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को यह स्पष्ट किया गया कि उनके वार्ड का सेक्टर पदाधिकारी कौन है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर सीधा समन्वय किया जा सके।

 

बैठक में शामिल वार्ड पार्षदों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि सहरसा पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनसहयोग से शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *