राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट में भागलपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। 14-15 फरवरी को नागपुर विधान भवन में आयोजित चौथे नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट 2026 में शहर की छात्रा स्नेहा कुमारी ने अपने सशक्त वक्तव्य से सबका ध्यान आकर्षित किया। उनके साथ अनुष्का भारद्वाज ने भी प्रभावशाली भागीदारी निभाई।
बीसीए की छात्रा स्नेहा कुमारी ने मंच से जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं की भूमिका पर तार्किक व प्रभावशाली तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने पेरिस समझौते के लक्ष्यों को गति देने, वनों की कटाई रोकने, जलवायु वित्त को बढ़ाने तथा वर्ष 2050 तक नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य हासिल करने की दिशा में युवाओं की भागीदारी को जरूरी बताया। उनके आत्मविश्वास, स्पष्ट उच्चारण और विषय की गहरी समझ की निर्णायकों ने सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य विषय सीओपी-30 रहा, जो 10 से 21 नवंबर 2025 तक ब्राजील के बेलेम में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन पर आधारित है। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच भागलपुर की छात्राओं ने अपनी अलग पहचान बनाई।
बुधवार को कॉलेज परिसर में प्राचार्या डॉ. निशा झा ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया। पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने बताया कि स्नेहा की उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि स्नेहा आगे भी राष्ट्रीय मंचों पर भागलपुर का नाम रोशन करती रहेंगी।
