झारखंड के जामताड़ा स्टेशन के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जयनगर से पुरी जा रही जयनगर-पुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच से अचानक घना धुआं निकलने लगा। यह घटना सहाना गांव के पास हुई, जो स्टेशन से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक जनरल बोगी में धुआं भरने लगा। देखते ही देखते धुआं इतना घना हो गया कि यात्रियों को आग लगने का डर सताने लगा। घबराए यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन रुकते ही बोगी से कूदकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई और हालात कुछ देर के लिए बेकाबू हो गए।
घटना के दौरान मौजूद यात्री सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि सब कुछ अचानक हुआ। “एकदम से धुआं फैल गया, हमें लगा ट्रेन में आग लग गई है। डर के मारे हम सब बाहर भागने लगे,” उन्होंने कहा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने पहुंचकर कोच की गहन जांच शुरू की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
करीब आधे घंटे की जांच और मरम्मत के बाद ट्रेन को फिर से सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, धुएं के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। फिलहाल ट्रेन परिचालन सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए भय का माहौल जरूर पैदा कर दिया।
