सहरसा जिले के सिमराहा गोलीकांड मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सहरसा पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरी जानकारी दी। घटना 18 फरवरी 2026 को सिमराहा चौक के पास हुई थी, जहां गोली लगने से 13 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 186/26 दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

 

जांच के क्रम में पवन कुमार, संतोष ठाकुर और मंतोष ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हेलमेट, कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदात के पीछे पुराना भूमि विवाद मुख्य कारण था। बताया गया कि रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से गोलीकांड को अंजाम दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है, वहीं मृतक परिवार न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद को कानून के दायरे में रहकर सुलझाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *