भागलपुर जिले के जगदीशपुर में आगामी श्री श्री 1008 श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं भागवत कथा के आयोजन को लेकर महासमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में धार्मिक कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर भजन-कीर्तन और सामूहिक भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महायज्ञ एवं भागवत कथा का आयोजन 18 अप्रैल 2026 से 26 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमिटियों का गठन किया गया तथा सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन स्थल की तैयारी, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रसाद वितरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत जगदीशपुर के पूर्व मुखिया राम रतन महतो ने की। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है और समाज में आपसी भाईचारा तथा सद्भाव मजबूत होता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।
बैठक में बीरबल मंडल, रणवीर सिंह, पूर्व मुखिया घनश्याम मंडल, भारती भूषण झा, रूपेश कुमार, निरंजन पंजियारा, मदन मुरारी, चंदन कुमार, भरूनाथ मंडल तथा पूर्व मुखिया राजीव शाह सहित कई ग्रामीण एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का संकल्प लिया।
