पकरीबरावां से बड़ी खबर सामने आई है, जहां स्थानीय निवासी ममता देवी और धर्मेन्द्र कुमार की पुत्री श्रेया कुमारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रौशन किया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित परीक्षा में श्रेया ने कॉमर्स संकाय से 474 अंक प्राप्त कर राज्य में चौथा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

 

श्रेया दो बहनों में सबसे छोटी हैं और शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने दसवीं की परीक्षा सीबीएसई बोर्ड से 93 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट में कॉमर्स संकाय से नामांकन लिया और लगातार मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया। श्रेया अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं, जो हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता देती हैं।

 

उनके पिता धर्मेन्द्र कुमार स्थानीय स्तर पर आटा चक्की और तेल मिल की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता ममता देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने के बावजूद श्रेया ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी बड़ी बहन माही बीबीए की पढ़ाई कर रही हैं, जिससे श्रेया को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही। दादा बीरेंद्र कुमार भी अपनी पोती की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

 

श्रेया ने बताया कि वह प्रतिदिन 7-8 घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं। कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देती और समय-समय पर शिक्षकों से मार्गदर्शन लेती रहीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को दिया और कहा कि उनका सहयोग ही सफलता की कुंजी रही।

 

भविष्य की योजनाओं के बारे में श्रेया ने कहा कि वह सीयूईटी परीक्षा देकर किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में दाखिला लेना चाहती हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहती हैं।

 

श्रेया की इस उपलब्धि से उनके घर में खुशी का माहौल है। परिजन मिठाई बांटकर जश्न मना रहे हैं, वहीं स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *