नालंदा के कुंडलपुर में आयोजित कुंडलपुर महोत्सव 2026 के मंच पर आध्यात्म के साथ-साथ सियासी रंग भी देखने को मिला। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार और पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने शिरकत की। दोनों नेताओं ने जहां भगवान महावीर के आदर्शों की चर्चा की, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफे को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि भगवान महावीर के शांति, अहिंसा और सत्य के सिद्धांत आज के समय में बेहद प्रासंगिक हैं। उन्होंने वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि मिडल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है, ऐसे में महावीर के मार्ग पर चलना ही मानवता के लिए सही दिशा है।
वहीं जब उनसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार पिछले 20 वर्षों से बिहार की सेवा कर रहे हैं और आज भी मुख्यमंत्री के रूप में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में आजादी के बाद पहली बार इतनी स्थिर और दूरदर्शी सरकार बनी है, जिसके कारण राज्य तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में भी बिहार में एनडीए की ही सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री का फैसला गठबंधन के नेता मिलकर करेंगे।
निशांत कुमार के मुख्यमंत्री बनने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि फिलहाल नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे और आगे का निर्णय समय आने पर लिया जाएगा।
वहीं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने भावुक होते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने हमेशा जनता के दुख-दर्द को अपना समझकर काम किया है। उन्होंने कहा कि उनके दिल्ली जाने की चर्चाओं से जनता का भावुक होना स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार का हर फैसला बिहार के हित में होता है और उनका इस्तीफा भी व्यक्तिगत निर्णय है, जिसका सभी सम्मान करते हैं।
इस दौरान श्रवण कुमार ने विपक्ष पर भी हमला बोला और तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अब उनकी बातों को जनता गंभीरता से नहीं लेती।
