नई दिल्ली । दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव का अंतिम संस्कार शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम (पूर्व में होशंगाबाद) जिले में उनके पैतृक गांव आंखमऊ में किया जाएगा।
उनके एक करीबी सहयोगी ने बताया कि समाजवादी नेता का पार्थिव शरीर विमान से दिल्ली से मध्यप्रदेश ले जाया जाएगा। जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का गुरुवार रात गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। यादव 75 वर्ष के थे। बिहार सरकार ने उनके निधन पर शुक्रवार को एक दिन के राजकीय शोक का एलान किया।
उधर, सियासी दूरियां भुलाकर राजनेता शुक्रवार को दिल्ली के छतरपुर स्थित शरद यादव के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी समेत कई नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।