सहरसा पुलिस ने यौन शोषण के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह मामला 29 मार्च 2026 को सामने आया, जब सदर थाना क्षेत्र में भट्ठा मालिक पर मजदूर की पत्नी और उसकी नाबालिग पुत्री के साथ जबरन अश्लील हरकत करने का आरोप लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मजदूर की पत्नी को गोली मारकर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और जिला आसूचना इकाई को भी जांच में शामिल किया गया। पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, वहीं नाबालिग पीड़िता के बयान पर महिला थाना में भी पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर लगातार छापेमारी की गई। इसके बाद मुख्य आरोपी मो. आवेश करनी उर्फ चन्नु मुखिया और उसके सहयोगी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही भट्ठा परिसर से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें छेड़खानी, दुष्कर्म और अन्य आपराधिक गतिविधियां शामिल हैं।
सहरसा पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
