झारखंड के धनबाद जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है, जहां आर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने लाखों की लूट को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 10 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधी देर रात घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही बदमाशों ने हथियार के बल पर सबसे पहले बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के डर जाने के कारण घर के अन्य सदस्य भी सहम गए और विरोध नहीं कर सके।
इसके बाद अपराधियों ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। डकैतों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों की लूट कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए बदमाशों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें आशंका है कि अपराधियों ने उन्हें किसी नशीले पदार्थ का असर देकर बेहोश कर दिया, जिससे इतनी बड़ी घटना के दौरान भी उनकी नींद नहीं खुली।
घटना के बाद रात करीब 2 बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस सुबह साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
