बिहार के कटिहार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 13 साल के एक किशोर ने 9 साल की मासूम बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
घटना कोलासी थाना क्षेत्र के संदलपुर गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी किशोर सोल्यूशन नशे का आदी हो गया था और रोजाना नशा करता था। बताया जा रहा है कि 9 साल की बच्ची ने उसकी इस हरकत की शिकायत उसके घर पर कर दी थी, जिसके बाद परिजनों ने किशोर की पिटाई कर दी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बदले की भावना में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बच्ची घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को गांव के पास स्थित मकई के खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ। शव देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूछताछ और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी किशोर को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
कोढ़ा पुलिस अनुमंडल के डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची शनिवार शाम से लापता थी और रविवार को उसका शव मिला। गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। घटना का उद्भेदन कर लिया गया है और आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है। पूरे मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में आगे की कार्रवाई तेजी से की जाएगी और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
