मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वारदात हनुमान मंदिर के समीप हुई, जहां एक अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने युवती को निशाना बनाते हुए उसके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के समय सब्जी मंडी में काफी भीड़ मौजूद थी। गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मंदिर में पूजा कर रहे लोग भी डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती मंदिर के बगल में लगे चापाकल के पास गई थी, तभी अचानक एक युवक बाइक से वहां पहुंचा और बिना किसी बहस के सीधे उसके सिर में गोली मार दी।
गोली लगते ही युवती जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर फोरेंसिक टीम को बुलाया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। मौके से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे मृतका का बताया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
इस मामले में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान करने में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान हो सके। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
