जामताड़ा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मिहिजाम के कानगोई शास्त्रीनगर इलाके में देर रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात अपराधियों ने “राजू फुटवेयर” नामक गोदाम सह मकान को निशाना बनाते हुए फायरिंग की।

 

बताया जा रहा है कि दो युवक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और अचानक गोदाम की ओर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली गोदाम के शीशे को चीरते हुए अंदर तक पहुंची, जिससे कांच में साफ छेद हो गया। घटना के वक्त आसपास के लोग अपने-अपने घरों में मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

 

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने स्थानीय लोगों को पूरी तरह डरा दिया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदात से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसडीपीओ विकास आनंद लागोड़ी और थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।

 

अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

फिलहाल, फायरिंग के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह रंगदारी, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण से जुड़ा मामला है, इसकी जांच की जा रही है।

 

इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *