भागलपुर। परवत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर के समीप शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय अवधेश मंडल की मौत हो गई। वह बद्री मंडल के पुत्र एवं परवत्ता निवासी थे। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवधेश मंडल मोटरसाइकिल से हाईलेवल सड़क के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जगतपुर के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को मोबाइल फोन से सूचना दी और पुलिस को भी खबर दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में अवधेश मंडल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक थी।
मृतक पेशे से स्कॉर्पियो चालक थे और साथ ही खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी बेला देवी हैं, जो गृहिणी हैं। उनके तीन पुत्र हैं—मुस्कान (22 वर्ष), मुन्ना कुमार और अमर। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पुलिस ने हाइवा को मौके पर ही जब्त कर लिया है। हालांकि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
