जहानाबाद से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के मंच से बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें बिहार के विकास का सबसे बड़ा चेहरा बताया।
समृद्धि यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह मगध के इतिहास में आचार्य चाणक्य, सम्राट अशोक और राजा जरासंध जैसे महान व्यक्तित्वों का नाम सम्मान के साथ लिया जाता है, उसी तरह आने वाले समय में जब बिहार के विकास की चर्चा होगी, तो सबसे पहले नीतीश कुमार का नाम लिया जाएगा।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि “आज भी उनका नेतृत्व है और कल भी उनके मार्गदर्शन में ही सरकार चलती नजर आएगी।” उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है और इसे भविष्य की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य के जिन 216 प्रखंडों में अब तक डिग्री कॉलेज की सुविधा नहीं है, वहां इसी साल जुलाई से पढ़ाई शुरू कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि हर प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर अवसर मिल सके।
समृद्धि यात्रा के इस मंच से किए गए ऐलानों और बयानों ने जहां एक ओर विकास की योजनाओं को नई दिशा दी है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर भी तेज कर दिया है।
