पप्पू यादव के पटना के बेउर जेल से रिहा होते ही सियासी पारा चढ़ गया है। जेल से बाहर आते ही पूर्णिया सांसद ने और तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने बिहार की नीतीश कुमार सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। खासकर गृह विभाग संभाल रहे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सवाल उठाने वालों को दबाने की कोशिश कर रही है।
पप्पू यादव ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि उनकी आवाज जेल की सलाखों से नहीं दबाई जा सकती। उन्होंने स्पष्ट कहा कि NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे और छात्रा को न्याय दिलाकर ही दम लेंगे।
सांसद ने बिहार पुलिस पर तीखा हमला करते हुए उसे “नाकाबिल और कमजोर” बताया। उन्होंने कहा, “जो पुलिस एक बच्ची की सुरक्षा नहीं कर सकती और एक NEET छात्रा को न्याय नहीं दिला पाती, वह पूरी तरह अक्षम है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार और पुलिस आलोचकों को ही निशाना बना रही है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए पप्पू यादव ने कहा, “बड़बोलापन छोड़िए और जमीन पर काम कीजिए। अगर आपको रतौंधी नहीं है तो बिहार में रोज हो रही आपराधिक घटनाओं को देखिए। मुझसे मत डरिए, मैं आपका दुश्मन नहीं, सच का साथी हूं।”
उन्होंने रूपेश और खेमका जैसे चर्चित हत्याकांडों का जिक्र करते हुए पूछा कि असली अपराधी कब पकड़े जाएंगे। फेक एनकाउंटर मामलों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। अंत में चेतावनी भरे लहजे में कहा, “मेरे पास सबूत सुरक्षित हैं। वक्त आने पर पत्ते खोलूंगा। जितनी साजिश करनी है कर लीजिए, मैं डरने वाला नहीं हूं।”
