भागलपुर/गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां समस्तीपुर सिविल कोर्ट में पदस्थापित न्यायिक दंडाधिकारी संतोष कुमार शाह की पत्नी वंदना कुमारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह घटना गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी ग्राम के पास हुई, जिसने न्यायिक महकमे और आम लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

 

घायल वंदना कुमारी ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे उनके भैसुर सुबोध शाह समेत ससुराल पक्ष के लोग शामिल हैं, जिन्होंने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। वंदना कुमारी ने बताया कि उनका मायका भागलपुर जिले के कहलगांव में है और उनकी शादी वर्ष 2019 में गोड्डा जिले के हनवारा निवासी संतोष कुमार शाह से हुई थी। शादी के समय उनके पति भागलपुर में कोचिंग चलाते थे।

 

वंदना कुमारी का आरोप है कि शादी के बाद उनके पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हो गया। बाद में संतोष कुमार शाह का चयन न्यायिक सेवा में हुआ और उनकी पहली पोस्टिंग बिक्रमगंज में हुई। वर्तमान में वे समस्तीपुर में जज के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी लगने के बाद ससुराल वालों द्वारा 15 लाख रुपये दहेज की मांग की जाने लगी और उन्हें लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

 

पीड़िता के अनुसार, प्रताड़ना से तंग आकर वह अपने मायके चली आईं और वर्ष 2021 से गोड्डा कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। साथ ही उन्होंने भरण-पोषण (मेंटेनेंस) के लिए भी याचिका दाखिल की है। वंदना कुमारी ने बताया कि जब वह कोर्ट से लौट रही थीं, तभी उनके भैसुर सुबोध शाह 2–3 अज्ञात लोगों के साथ पहुंचे और पीछे से उन पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली पीठ में लगी, जबकि दूसरी गोली चेहरे को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।

 

घटना के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

वहीं, पीड़िता की मां उर्मिला देवी ने भी दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को लंबे समय से ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह मामला दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *