सहरसा पुलिस ने सौरबाजार थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में 4 वर्षीय मासूम बच्ची को सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसका इलाज फिलहाल एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।
घटना 29 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है, जब सौरबाजार थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के मथुरा वार्ड नंबर-05 में एक बच्ची को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान खून के नमूने एकत्र किए गए और गहन पड़ताल की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि घटना में विकास कुमार नामक व्यक्ति की संलिप्तता है।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध विकास कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि हथियार से छेड़छाड़ के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई थी और खून के धब्बों को पानी से धो दिया गया था।
इस मामले में सौरबाजार थाना कांड संख्या 83/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
इस पूरी कार्रवाई में सहरसा पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
