बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समृद्धि यात्रा के दौरान सहरसा पहुंचे, जहां उन्होंने जिलेवासियों को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों की योजनाओं की जानकारी ली और वहां मौजूद अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लाभार्थी समूहों से संवाद भी किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह, जीविका दीदी और अन्य लाभुकों से उनके कार्यों और अनुभवों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण भी किया। उन्होंने लाभुकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के दौरान जिले में चल रही कई विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया। इन योजनाओं के जरिए जिले में आधारभूत संरचना, सड़क, शिक्षा और अन्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आरओबी और प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
समृद्धि यात्रा के इस कार्यक्रम के माध्यम से सहरसा जिले को विकास की कई नई सौगातें मिली हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार बिहार के हर जिले में विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए लगातार काम कर रही है।
