सहरसा पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए गृहभेदन और चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सहरसा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोनवर्षाराज एवं बनमा ईटहरी थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के सामान के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 6 जनवरी 2026 को सोनवर्षाराज थाना कांड संख्या 03/26 के तहत आरोपी रामचंद्र कुमार उर्फ हरी किशोर यादव, निवासी रजौता को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से चोरी किए गए जेवरात और नकद राशि की बरामदगी की गई है। बरामद सामान में चांदी के दो जोड़े पायल, एक चांदी की सिकड़ी तथा 4,000 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में बनमा ईटहरी थाना कांड संख्या 05/26 के तहत आरोपी मो. फिरोज उर्फ मो. क्यूम को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी किए गए स्टील और एल्युमिनियम के बर्तन—तसला, थाली, गमला, कराही और छोटनी—बरामद किए गए हैं।
सहरसा पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। सहरसा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का भरोसा दिलाया है।
