सहरसा पुलिस ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बीते एक वर्ष में जिले में की गई कार्रवाइयों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने बताया कि सहरसा पुलिस ने वर्ष भर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की है।
एसपी हिमांशु कुमार ने जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष में जिले में कुल 8251 लोगों की गिरफ्तारी की गई है, जिनमें 21 इनामी अपराधी भी शामिल हैं। हत्या के मामलों में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 111 आरोपियों को जेल भेजा, जबकि आर्म्स एक्ट के तहत 384 गिरफ्तारियां की गईं। इसके अलावा लूट, महिला उत्पीड़न, एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों में भी पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की।
शराबबंदी को लेकर चलाए गए विशेष अभियान की जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि जिले में 1069 शराब कारोबारियों और मामलों में कार्रवाई की गई है। साथ ही सहरसा पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर अवैध हथियार कारोबार पर बड़ी चोट की है, जिसे वर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना जा रहा है।
एसपी ने यह भी बताया कि जिले में सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए गए। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया को भी प्रशासन ने पूरी निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न कराया। विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीए-12 के तहत 5 प्रस्ताव, बीएनएसएस की धारा 126 के तहत 13,462 निरोधात्मक कार्रवाई, तथा धारा 129 के तहत 126 लोगों पर कार्रवाई की गई। वहीं सीसीए-3 के तहत 230 प्रस्ताव भेजे गए, जिससे अपराध नियंत्रण में सहयोग मिला।
पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने के लिए 239 प्रोफेशनल सिपाहियों को पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें मौलिक पुलिसिंग, शारीरिक फिटनेस और व्यवहारिक प्रशिक्षण शामिल है। इसके साथ ही वरीय अधिकारी नियमित रूप से थानों का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रतिदिन जनता दरबार, कोर्ट मॉनिटरिंग और सघन पैरवी के माध्यम से न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि सहरसा पुलिस की सक्रिय पैरवी के चलते लगभग 21 मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई है, जो जिले में कानून के राज को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
