बिहार में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां इस बार कोई आम नागरिक नहीं बल्कि खुद पुलिस साइबर अपराधियों का शिकार बन गई। रविवार को सहरसा पुलिस का ऑफिशियल फेसबुक पेज हैक कर लिया गया। हैकर्स ने पेज पर आपत्तिजनक और गैर-कानूनी कंटेंट पोस्ट कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

 

सहरसा पुलिस को इस घटना की जानकारी उस वक्त हुई, जब उनकी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम नियमित निगरानी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को शाम करीब 4 बजकर 52 मिनट पर यह पाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज को अनाधिकृत रूप से एक्सेस कर लिया है और अवैध कंटेंट पोस्ट किया गया है।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया गया। इसके बाद सहरसा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर घटना की पुष्टि की गई। प्रेस बयान में कहा गया कि यह सहरसा पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन है और पुलिस की छवि धूमिल करने के साथ-साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई है।

 

घटना सामने आते ही पुलिस की आईटी टीम सक्रिय हो गई। संबंधित आपत्तिजनक पोस्ट को तत्काल हटा दिया गया और फेसबुक पेज का एक्सेस सुरक्षित करते हुए उसे पूरी तरह रिकवर कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल पेज पूरी तरह सुरक्षित है और सामान्य रूप से कार्य कर रहा है।

 

इस मामले को लेकर साइबर पुलिस स्टेशन में केस नंबर 06/26 के तहत FIR दर्ज की गई है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296, 324(2) और 336(4) के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 43, 66, 66(C), 66E और 67 लगाई गई हैं।

 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पेज को हैक किसने किया। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक दो संभावनाओं पर जांच चल रही है—या तो पेज को सीधे साइबर अटैक के जरिए हैक किया गया या फिर किसी अधिकृत एडमिन अकाउंट का दुरुपयोग किया गया। साइबर टीम IP लॉग, डिवाइस आईडी और लॉगिन डिटेल्स की गहन जांच कर रही है।

 

वहीं सहरसा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या बिना पुष्टि वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की भी अपील की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *