सहरसा के चर्चित सतिश झा उर्फ छोटू मिश्रा हत्याकांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पहले पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सहरसा पुलिस ने अग्रतर कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे सदर थाना क्षेत्र के मीरा टॉकीज के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने सतिश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा को गोली मार दी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए सूर्य अस्पताल, सहरसा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस मामले में मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर 14 मार्च 2026 को सदर थाना में कांड संख्या 273/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और लगातार छापेमारी के आधार पर 36 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल उद्भेदन किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 15 मार्च 2026 को दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में तिवारी टोला वार्ड संख्या 20 निवासी अजॉय तिवारी के पुत्र निरंजन कुमार तिवारी और पूर्व बाजार एमएलटी कॉलेज वार्ड संख्या 19/31 निवासी स्वर्गीय अनिल कुमार मुन्ना के पुत्र युग कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, एक जैकेट और दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी बरामद सामानों को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
सहरसा पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अग्रतर कार्रवाई जारी है। साथ ही जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है।
