सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। इस संबंध में सहरसा पुलिस ने 21 फरवरी 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को लगभग दोपहर 2:30 बजे जलई थाना को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के एक स्थान पर एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध स्थिति में मृत्यु हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की गई। वरीय पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, ताकि मामले की निष्पक्ष और तकनीकी जांच सुनिश्चित की जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका के परिजनों ने बताया है कि बच्ची पूर्व से बीमार थी और उसका इलाज चल रहा था। परिजनों का कहना है कि बीमारी के कारण ही उसकी मृत्यु हुई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इसी उद्देश्य से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि अब तक मृतका पक्ष की ओर से किसी प्रकार का लिखित आवेदन या औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। बावजूद इसके, मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं पर सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।
सहरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई प्रमाणिक सूचना हो तो स्थानीय थाना को तुरंत सूचित करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ जारी है और तथ्य सामने आने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
