आसन्न होली पर्व को लेकर सहरसा प्रशासन अलर्ट मोड में है। सहरसा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु, आईपीएस एवं उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, आईएएस द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीसीएलआर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष जुड़े।
बैठक में होली पर्व के अवसर पर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी बरतने, गश्ती बढ़ाने तथा सभी स्तरों पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान भूमि विवाद से संबंधित मामलों की भी चर्चा की गई। भू-समाधान पोर्टल पर दर्ज मामलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। अंचल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठकों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इन बैठकों के गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामदायक क्रियान्वयन तथा उनके प्रतिवेदन को समय पर भू-समाधान पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री निशांत, अनुमंडल पदाधिकारी श्री श्रेयांश तिवारी, एसडीपीओ सदर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आमजन से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि पर्व को सुरक्षित और आनंदपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
