सहरसा जिले में चल रही आधारभूत संरचना विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न तकनीकी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया और निर्माण कार्यों में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया गया।

 

समीक्षा बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, पर्यटन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बुडको, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम सहित अन्य तकनीकी विभागों द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

पर्यटन विभाग द्वारा मत्स्यगंधा झील के विकास कार्य की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यहां सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने क्रियान्वयन एजेंसी को इस कार्य के साथ-साथ मंडन मिश्र धाम और मां उग्रतारा मंदिर के विकास कार्यों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

भवन प्रमंडल द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में 29 योजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में अतिरिक्त शैक्षणिक भवन का निर्माण, अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर की चहारदीवारी, व्यवहार न्यायालय परिसर में लॉयर्स हॉल तथा वन स्टॉप सेंटर भवन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी योजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया।

 

बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा संचालित 12 योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी योजनाओं में कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने इन परियोजनाओं को भी निर्धारित समय के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

 

बैठक में पूर्वी तटबंध प्रमंडल कोपरिया द्वारा तटबंधों की स्थिति की जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि तटबंध सुरक्षित हैं और कटाव निरोधात्मक कार्य के तहत चार योजनाओं पर कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने इन कार्यों को जल्द पूरा करने के साथ-साथ बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

 

इसके अलावा तिलावे नदी में चल रहे उड़ाही कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष कार्य अप्रैल माह के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला योजना पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *