भागलपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं को लेकर किए गए आपत्तिजनक पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा की महिलाओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

 

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की गई, जिससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है। इसको लेकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता आक्रोशित हो गईं।

 

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने महिला थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

आवेदन में कहा गया है कि इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी समाज में गलत संदेश देती है और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। महिला मोर्चा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

सूत्रों के अनुसार, यह पोस्ट कथित रूप से आरजेडी समर्थक अमित आर्यन द्वारा किया गया है, जो नाथनगर का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह पहले भी इस तरह की विवादित पोस्ट करता रहा है।

 

जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो महिला मोर्चा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगी।

 

वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

 

फिलहाल इस विवाद ने राजनीतिक माहौल को भी गर्मा दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है और आरोपी की गिरफ्तारी कब होती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *