धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा किया है। संयुक्त अभियान के दौरान आरपीएफ और सीआईबी टीम ने 48 अदद अंग्रेजी बीयर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी झारखंड से शराब लेकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे। इस कार्रवाई के बाद रेलवे परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी टीम रेलवे स्टेशन पर संयुक्त गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 8 पर कालका ब्रिज के पास तीन युवक एक स्काई ब्लू रंग के ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। जवानों को बैग काफी भारी लगा, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर बैग के अंदर दो कार्टून में रखी कुल 48 अदद Kingfisher Strong Premium Beer बरामद हुई। प्रत्येक बीयर की मात्रा 500 एमएल बताई गई है। जब्त बीयर की कुल मात्रा 24 लीटर और कीमत लगभग 7200 रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि सभी बीयर की बोतलों पर “For Sale in Jharkhand Only” अंकित था। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे धनबाद से शराब लेकर बिहार जा रहे थे, जहां ऊंचे दामों पर उसकी बिक्री की जानी थी। मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त की गई और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार निवासी वैशाली, शिव शंकर कुमार उर्फ कुंदन कुमार निवासी पटना और नीरज कुमार निवासी पटना के रूप में हुई है। जब्त शराब और आरोपियों को आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को लिखित शिकायत सौंपी गई है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व उप निरीक्षक पालिका मिंज ने किया। उनके साथ आरपीएफ और सीआईबी की छह सदस्यीय टीम शामिल रही। आरपीएफ की इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि रेलवे मार्ग से होने वाली शराब तस्करी पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
ऑपरेशन सतर्क में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 48 बीयर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार


