बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में छपरा की बेटी रौशनी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्ट्स संकाय में पूरे राज्य में 5वां स्थान हासिल किया है। रौशनी ने कुल 500 में से 475 अंक प्राप्त कर 95 प्रतिशत अंक हासिल किए और अपने परिवार व जिले का नाम रोशन किया।

 

छपरा शहर के मौना हुस्से मोहल्ला निवासी रौशनी कुमारी, संजय कुमार गुप्ता की पुत्री हैं। उनके पिता एक छोटे किराना दुकानदार हैं, जो सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद रौशनी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

 

रौशनी विशेश्वर सेमिनरी स्कूल, छपरा की छात्रा हैं। उन्होंने अपने सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इतिहास में 97, अंग्रेजी में 90, भूगोल में 95, हिंदी में 95 और राजनीतिक विज्ञान में 98 अंक प्राप्त कर उन्होंने पांचों विषयों में डिस्टिंक्शन हासिल की है, जो उनकी कड़ी मेहनत और मजबूत तैयारी को दर्शाता है।

 

रौशनी की इस सफलता से पूरे परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है। जैसे ही रिजल्ट की खबर सामने आई, बधाई देने वालों का तांता लग गया। आसपास के लोग और रिश्तेदार मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। सभी रौशनी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

 

रौशनी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास उनकी सफलता की कुंजी रहे हैं। रौशनी का सपना प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना है।

 

छपरा की इस होनहार बेटी ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। रौशनी कुमारी की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे बिहार के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *